बलरामपुर। चार सचल दस्तों की टीम ने 25 केंद्रों की परीक्षा व्यवस्था को गुरुवार को भी खंगाला। परीक्षा केंद्रों के वॉयस रिकार्डर सीसीटीवी कैमरों व अन्य की सचल दस्तों ने पड़ताल की। यूपी बोर्ड परीक्षा की दोनों पालियों में 1552 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। जबकि 18,807 के सापेक्ष 17,255 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्रथम पाली में 53 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के अंग्रेजी, बही खाता, कृषि, वनस्पति विज्ञान, कृषि अर्थशास्त्र विषय में 16,407 के सापेक्ष 15,067 तथा इंटरमीडिएट के नर्सरी शिक्षण प्रशिक्षण एवं प्रबंध रेडियो, रंगीन टेलीविजन, ऑटो मोबाइल व आशु लिपि में 483 के सापेक्ष 447 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है।
प्रथम पाली में हाईस्कूल के 1340 तथा इंटरमीडिएट के 36 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के गृह विज्ञान में 1917 के सापेक्ष 1741 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है जबकि 176 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। इसकी सूचना कंट्रोल रुम से योगेश कुमार व अरुण त्रिपाठी ने संकलित करके शासन व बोर्ड को भेजी।
डीआईओएस एमके कन्नौजिया, बीएसए हरिहर प्रसाद, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक विक्रम सिंह तथा प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल मधवाजोत चंदन पांडेय की टीम ने प्रथम पाली के दौरान सीएमएस इंटर कॉलेज तुलसीपुर, बसंतलाल इंटर कॉलेज तुलसीपुर, स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज तुलसीपुर, सैय्यद बदरुद्दीन इंटर कॉलेज पचपेड़वा, शेख मंसूर अली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़वा निरीक्षण किया गया।
साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैसड़ी, एलएमटी इंटर कालेज पचपेड़वा, कस्तूरबा आर्य इंटर कॉलेज तुलसीपुर, पब्लिक सिटी मांटेसरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अग्रहवा, सुंदरदास रामलाल इंटर कालेज बलरामपुर, भगवती आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज भगवतीगंज, कुबेरमती पांडेय मेमोरियल इंटर कॉलेज श्रीदत्तगंज, डॉ. भीम राव आंबेडकर इंटर कालेज गुमड़ी, श्रीराम तीरथ इंटर कॉलेज गौर गुमड़ी, बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रेहरा बाजार, स्लालर्स अकादमी इंटर कालेज उतरौला व राम अवध इंटर कालेज पेहर बाजार सहित 25 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान वायस रिकार्डर सीसीटीवी कैमरों के संचालन की गतिविधियां भी परखी गईं। निरीक्षण के दौरान किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। शांतिपूर्ण व सुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई गई।