डीएम ने चुनाव के नोडल अफसरों पर कसा शिकंजा
बलरामपुर। डीएम कृष्णा करुणेश ने लोकसभा चुनाव के नोडल अफसरों पर शिकंजा कस दिया है। चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अफसरों व कर्मियों के खिलाफ डीएम ने कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से लोकसभा चुनाव कराने की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। कलेक्ट्रेट सभागार की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम ने नोडल अफसरों को निर्देश दिया कि सभी अफसरों व कर्मियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां समय से हर हाल में पूरा करना है।
मतदान व मतगणना कार्मिकों को शीघ्र प्रशिक्षण देने की व्यवस्था कराई जाए। मतदान व मतगणना कार्मिकों को सीडीओ अमनदीप डुली की निगरानी में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एआरटीओ फरीदउद्दीन को वाहनों का इंतजाम कराने की जिम्मेदारी मिली है। सभी मतदान कार्मिकों को थैले, स्टेशनरी आदि की व्यवस्था पोलिंग पाटियों के रवाना होने से पहले दी जाएगी। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित कराई जाए।
डीएम ने बैठक में स्वीप अभियान की समीक्षा कर अफसरों को मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। तीनों तहसीलों के एसडीएम, डीआईओएस एमके कन्नौजिया व बीएसए हरिहर प्रसाद भारती को स्वीप अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला दिव्यांगजन अधिकारी को डीएम ने निर्देश दिया कि दिव्यांग वोटरों को मतदान केंद्र तक लाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रांतीय व निर्माण खंड को लोकसभा चुनाव के दौरान टेंट फर्नीचर, बैरीकेंटिंग, साउंड व लाइट आदि की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी दी गई।
जिले के सभी नोडल अफसरों को तीनों तहसीलों के एसडीएम के संपर्क में रहने का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम अरुण कुमार शुक्ल, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक सहित सभी नोडल अफसर मौजूद रहे।