पोलिंग बूथ दुरुस्त नहीं मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
बलरामपुर। पोलिंग बूथ दुरुस्त नहीं मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों से पोलिंग बूथों की जांच कर रिपोर्ट तलब की गई है।
पोलिंग बूथों को दुरुस्त कराने के लिए सभी विभागों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। ये बातें डीएम कृष्णा करुणेश ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
बैठक में डीएम ने कहा कि पोलिंग बूथ दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी का निर्वहन करने में कोताही कदापि न बरतें। सीडीओ अमनदीप डुली ने सभी 120 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि दूसरे चरण के दौरान पोलिंग बूथों की खामियों का ब्योरा तैयार कर लें।
डीएम ने रैंप व फर्नीचर की जिम्मेदारी बीएसए एवं बीईओ को, शौचालय व हैंडपंप की जिम्मेदारी डीपीआरओ, बीडीओ व ग्राम पंचायत सचिवों को तथा विद्युतीकरण की व्यवस्था एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन को सौंपी है।
मार्ग दुरुस्त कराने के लिए पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागों को निर्देश दिया है। औचक निरीक्षण के दौरान खामियां पाए जाने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। बैठक में 10 जोनल व 120 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही अन्य अधिकारी मौजूद रहे।