बलरामपुर कलेक्ट्रेट के एनआईसी में नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र देते विधायकगण व अन्य
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। नियुक्ति पत्र पाकर 16 नलकूप चालकों के चेहरे खुशी से खिल गए। सीएम योगी आदित्यनाथ से ऑनलाइन वार्ता कर नवनियुक्त नलकूप चालकों ने नौकरी पाने पर खुशी जताई। कलेक्ट्रेट एनआईसी में बुधवार को नवनियुक्त नलकूप चालकों को सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, गैसड़ी विधायक शैलेश सिंह शैलू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह व डीएम कृष्णा करुणेश की मौजूदगी में नवनियुक्त नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
एक्सईएन नलकूप खंड जय प्रताप ओझा ने कलेक्ट्रेट के एनआईसी में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में शासन ने 3209 नलकूप चालकों को नौकरी देकर रोजगार मुहैया कराया है। जिसमें बलरामपुर जिले के 16 नए नलकूप चालक मिले है। नई नियुक्ति में दो महिलाएं भी शामिल है जो नलकूपों का संचालन करेंगी। नवनियुक्त चालकों को बधाई देते हुए सभी विधायक व जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों को रोजगार देने के लिए अवसर मुहैया करा रही है।
डीएम ने सभी नवनियुक्त चालकों को शुभकामना दीं और बेहतर कार्य करने का जिम्मा सौंपा। जिले में नवनियुक्त नलकूप चालकों से सीएम ने एनआईसी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वार्ता की। सीएम के समक्ष सभी नवनियुक्त नलकूप चालकों ने खुशी जताई और सरकार को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता नलकूप आरबी सिंह, प्रशासनिक अधिकारी नलकूप राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ सहायक अजीत कुमार मिश्र, डीआईओ दीपांकर श्रीवास्तव, बृजेंद्र तिवारी व अजय सिंह आदि मौजूद रहे।