बलरामपुर। शौर्य प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को जिला मुख्यालय पर योग जागरुकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को योगा का महत्व समझाते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। रैली में शामिल लोगों ने स्वयं योगाभ्यास करने के साथ-साथ कम से कम 10 लोगों को योगा के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने हरी झंडी दिखाकर आयुर्वेद कार्यालय से योग जागरुकता रैली को रवाना किया। रैली आयुर्वेद कार्यालय से निकलकर कालीथान, पुराना चौक व सब्जी मंडी होते हुए वीर विनय चौराहा पहुंचकर समाप्त हुई। आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने रैली में कहा कि नियमित योगाभ्यास करने से तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है।
जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. कुबेर नाथ मिश्र ने कहा कि प्राचीन ग्रंथों में योग के महत्व का वर्णन है। ऋषि-मुनि योग के माध्यम से ही तमाम सिद्धियां हासिल करते थे। पतांजलि योग समिति के सदस्य रामनाथ यादव ने सभी को शपथ दिलाया कि स्वयं योगा करने के साथ-साथ कम से कम 10 लोगों को योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित करेंगे।
रैली में रवींद्र गुप्ता कमलापुरी, शौर्य सिंह, डॉ. केके राणा, पवन कुमार रस्तोगी, आदित्य श्रीवास्तव, स्वर्णलता श्रीवास्तव, मोहम्मद अनवर, वीरेंद्र विक्रम सिंह, डॉ. आशीष कुमार सिंह व डॉ. एफएम सिद्दीकी सहित तमाम लोग शामिल रहे।