देवीपाटन मेले में 24 घंटे होगी विद्युत आपूर्ति
बलरामपुर। छह अप्रैल से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र पर शक्तिपीठ देवीपाटन में लगने वाले मेले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों एवं मंदिर प्रशासन के बीच सोमवार को बैठक हुई।
बैठक में मंदिर व मेला परिसर की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं के लिए आवागमन आदि सुविधाओं के संबंध में चर्चा की गई। मेले के दौरान मंदिर व मेला परिसर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का भी निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी ने चैत्र नवरात्र पर लगने वाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं जरूरतों के बारे में डीएम को अवगत कराया।
उन्होंने मेले के दौरान मंदिर एवं मेला परिसर को विद्युत कटौती से मुक्त किए जाने की बात उठाई। डीएम कृष्णा करुणेश ने महंत को विश्वास दिलाया कि मंदिर व मेला परिसर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में रोडवेज की बसें संचालित की जाएंगी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मेले के दौरान मंदिर व मेला परिसर में सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों से मंदिर परिसर की निगरानी की जाएगी। उन्होंने मंदिर व मेला मार्ग पर अंडा व मांस-मछली की दुकानों को हटाने का निर्देश दिया।
बैठक में एडीएम अरुण कुमार, एसडीएम विशाल यादव, तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, प्रभारी सीएमओ डॉ. कमाल अशरफ व ईओ नगर पंचायत अनिल कुमार सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।