बलरामपुर। नगर के विकास और सुंदरीकरण की दिशा में नगर पालिका परिषद ने एक और कदम बढ़ाया है। माया होटल से पीपल तिराहा रोड के किनारे, स्टेडियम बाउंड्री के अंतिम छोर से लेकर सनबीम्स पब्लिक स्कूल मोड़ तक आधुनिक दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 1.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दुकानों के निर्माण से स्थानीय व्यापारियों को व्यवस्थित व्यापारिक स्थल मिल सकेगा। साथ ही नगर पालिका के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पीपल तिराहा से सनबीम्स पब्लिक स्कूल मोड़ तक बनने वाली दुकानों से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। यह कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा होगा।
उन्होंने बताया कि नगर के अन्य हिस्सों में भी जल्द ही सड़क, नाला व प्रकाश व्यवस्था से संबंधित कई विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।