बलरामपुर। रेहरा बाजार ब्लॉक क्षेत्र के रहमतपुर गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 1.09 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। मंदिर परिसर में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाकर पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा।
गांव में बने प्राचीन शिव मंदिर के कायाकल्प कराने की मांग स्थानीय लोग काफी दिनों से कर रहे थे। लोगों की मांग पर शिव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए शासन स्तर से एक करोड़ नौ लाख 42 हजार रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। इस योजना के तहत मंदिर परिसर का सुंदरीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। स्थानीय निवासी राम जिवायन, भोला प्रसाद व सुमित वर्मा ने बताया कि अब मंदिर का विकास होने से सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है।
एडीएम ज्योति राय ने बताया कि शासन स्तर से बजट मिला है। बजट के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे। ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।