उतरौला। ग्राम पंचायत तिलखी बढ़या में अज्ञात कारणों से लगी आग ने रविवार को चार एकड़ आम के फलों से लदे बाग को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। बाग मालिक देवेंद्र कुमार मिश्र और राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि बाग में बड़ी मात्रा में फल आए थे, जिससे लाखों का नुकसान हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते पूरा बाग राख में तब्दील हो गया। देवेंद्र ने बताया कि कुछ ही दिन पहले बाग में अच्छी पैदावार के लिए दवा का छिड़काव कराया गया था। लेकिन अचानक लगी आग ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि आग ने आसपास के गनियारी क्षेत्र में फैली सैकड़ों एकड़ जमीन को भी अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और हालात बेकाबू हो गए। सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल हेमंत जायसवाल मौके पर पहुंचे और कहा कि अग्निकांड से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी।
14 झोंपड़ियां जलीं
हरैया सतघरवा। ग्राम पंचायत देवपुरा के मजरे करंगौलिया में रविवार दोपहर राधेश्याम की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोस के तुलसीराम,भोथू वर्मा, बरसाती, मालिकराम, राजिराम, रामदुलारे, हरिनरायन, अयोध्या प्रसाद, निब्बर, मंशाराम, रामतेज तथा धोखे प्रसाद समेत 14 लोगों की झोपड़ी को चपेट में ले लिया। प्रधान प्रतिदिन बालकराम यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई, फायर ब्रिगेड तथा ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। नायब तहसीलदार संतोष राम यादव ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। हल्का लेखपाल अखिल व्यास नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेजी है।