जिला अस्पताल में बिजली व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है यहां चौबीस घंटे की जगह मात्र आठ से नौ घंटे की बिजली आपूर्ति हो रही है। जिससे पैथालाजी सहित अन्य जांच घर प्रभावित हैं। बिजली के अभाव में पोस्टमार्टम हाउस में शवों का अंत्य परीक्षण भी प्रभावित हो रहा है।
मरीजों सहित अन्य स्टाफ भी भीषण गर्मी से बेहाल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ईंधन के अभाव में जनरेटर बंद पड़े हैं। जिला अस्पताल में चौबीस घंटे आने वाली बिजली में खराबी आ गई है। जिससे जिला अस्पताल को शहर के अन्य फीडर से जोड़ दिया गया है जिससे अस्पताल को आठ से नौ घंटे की बिजली मुहैया हो पा रही है।
भीषण गर्मी में मरीजों का हाल बेहाल है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चा वार्ड में हो रही है। बच्चे जहां गर्मी से बिलबिला रहे हैं वहीं तीमारदार पंखा झलने को मजबूर हैं। एक्स रे, अल्ट्रासाउंड और अन्य जांचें भी प्रभावित हो रही हैं।
वहीं यहां कम वोल्टेज की भी समस्या है जिसके चलते जांच के दौरान ही कभी-कभी मशीन काम करना बंद कर देती है और मरीजों को परेशानी होती है। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईंधन के अभाव में ंजनरेटर भी काफी कम ही चलाया जा रहा है। जिसको लेकर अस्पताल प्रशासन व तीमारदारों में नोकझोंक पर हो रही है।