नववर्ष की अगवानी के जश्न में देर रात तक डूबे रहे युवा
पार्कों, दुकानों और होटलों में रही चहल-पहल, ग्रिटिंग कार्ड की दुकानों पर दिनभर लगी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। नववर्ष के जश्न में कोई कमी ना रह जाए, इसके लिए युवाओं समेत अन्य लोगों ने बृहस्पतिवार को जमकर तैयारियां कीं। उधर, युवाओं को आकर्षित करने के लिए होटल, गिफ्ट-गैलरी, रेस्टोरेंट और बार संचालक भी तैयार रहे। नगर में फूलों और गिफ्ट की दुकानों पर रौनक रही, जिससे पूरे दिन शहर में चहल-पहल का माहौल रहा। इसके अलावा, अलविदा 2020 के तहत नगर के विभिन्न होटलों में बृहस्पतिवार को देर रात तक जश्न का माहौल रहा। लोगों ने पटाखे फोड़े और पुराने वर्ष को विदा कर नए वर्ष का स्वागत किया।
बता दें कि कोरोना के बीच सावधानी बरतते हुए नूतन वर्ष 2021 का स्वागत करने के लिए पूर्व में ही नगर के विभिन्न स्थानों, होटलों तथा युवाओं ने अपने-अपने स्तर पर मनाने की तैयारियां की थी। युवाओं ने दिनभर ग्रिटिंग कार्ड की खरीदरी के साथ ही आकर्षक फूलों से बने गुलदस्ते आदि की खरीदारी की। इसके लिए, विभिन्न दुकानों पर युवक और युवतियों की भीड़ लगी रही। नगर के द्वारिकापुरी कालोनी स्थित आर्चिज गिफ्ट सेंटर में दिनभर लोग अपनी पसंद के ग्रिटिंग कार्ड खरीदते नजर आए। दुकानदार चंदन ने बताया कि नववर्ष पर बधाई देने के लिए एक सप्ताह से लोग ग्रिटिंग खरीदने आ रहे हैं। नव वर्ष की अगुवानी में होटलों में विशेष व्यंजन बनाया गया था। शहर के कुछ होटल तो ऐसे हैं, जहां बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। जिन्हें युवा जोड़ों ने पहले से ही आज यानी एक जनवरी की पार्टियों के लिए बुक कर रखा है। बाहर फूलों और गुब्बारे लगाए गए हैं और अंदर विशेष प्रकार की लाइटिंग, साज-सज्जा और म्यूजिक की व्यवस्था की गई है। पार्कों में बृहस्पतिवार से ही युवा जोड़ों की चहलकदमी रही। इससे पार्कों का लुक बदला-बदला नजर आया। नगर से सटे जीरा बस्ती स्थित जनेश्वर मिश्र में वर्ष के अंतिम दिन भी लोग पिकनिक मनाते देखे गए। इसके अलावा, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चंद्रशेखर उद्यान भी युवकों और युवतियों की चहलकदमी से गुलजार रहा।