भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित टावर चढ़ी युवती। संवाद
- फोटो : 1
भीमपुरा (बलिया)। भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार सुबह प्रेम प्रसंग से आहत एक युवती हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
युवती सुबह करीब 4:30 बजे गांव के पास स्थित हाई टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। टावर पर युवती को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भीमपुरा थाना पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया। रेस्क्यू टीम ने सीढ़ी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से युवती तक पहुंचकर लगातार उसे समझाने का प्रयास किया। प्रेमी से फोन पर बात कराने व शादी के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुई और सुरक्षित उतार ली गई।
पूछताछ में युवती ने बताया कि उसका उभांव थाना क्षेत्र के अखोप गांव निवासी कमलेश कुमार से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक ने अब उससे शादी करने से इन्कार कर दिया है, जबकि उसके परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।