कोरोना संक्रमण के दौर में बढ़ा योग का महत्व
फेफड़े की मजबूती में प्राणायाम सहायक, इम्युनिटी के लिए गुनगुना पानी लाभकारी
21 जून को मनाया जाएगा विश्व योग दिवस, जिले में ऑनलाइन चल रहीं तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। विश्व योग दिवस 21 जून को जिले में भी मनाया जाएगा। इसकी ऑनलाइन तैयारियां चल रही हैं। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लोग इसके लिए अलग-अलग उपाय भी कर रहे हैं। हालांकि इस बार विश्व योग दिवस पर कोरोना संकरण की छाया स्पष्ट रूप से नगर आ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि योग के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ रहने के साथ ही इम्युनिटी भी बढ़ती है।
योगाचार्य धनंजय यादव कहते हैं कि योग का अर्थ जोड़ से है। योग से निरोग होना छोटी बात है। इससे समाधि लग जाती है और आत्मा का परमात्मा से मिलन होता है। फेफड़े को मजबूत करने के लिए प्राणायाम के अंतर्गत भ्रस्तिका करना और इसके बाद कपालभाति और बाह्य प्राणायाम में अग्निसार प्रभावी है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए विशेष रूप से उज्जाई प्राणायाम लाभकारी है। जो लोग संक्रमित होकर डिप्रेशन का शिकार हो गए हैं, उनके लिए भ्रामरी प्राणायाम भी उपयोगी है। कपालभाति व अनुलोम विलोम करने से दिमाग को मजबूती मिलेगी। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए ब्रह्मबेला में गुनगुना पानी एक से आधा लीटर सिप कर पिएं।
----------
सुबह में फ्रेश होने के बाद करें योग
योगाचार्य धनंजय यादव ने बताया कि सुबह में फ्रेश होने के बाद 20 मिनट तक तेज व्यायाम करना अच्छा रहता है। इसमें यौगिंग, जागिंग का 12 पोज, ताकत हो तो 12 दंड व आठ बैठक, सूर्य नमस्कार का 12 पोज के अलावा 12 आसनों में शामिल मंडूक आसन जो शुगर स्तर कम करता है, साथ ही गोमुखासन, अर्थ मत्येंद्र आसन, मकर आसन भुजंगासन, नौकासन, पादवृत्त आसन, पवन मुक्त आसन के अलावा सबसे प्रमुख शीर्षासन भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शीर्षासन 40 वर्ष से अधिक के व्यक्ति को या किसी बीमारी से ग्रसित साधक को नहीं करना चाहिए। साथ ही गिलोय का काढ़ा, तुलसी, चिरैता भी लाभकारी है।
----------
योग दिवस चैलेंज प्रतियोगिता
बलिया। सातवें विश्व योग दिवस पर सोमवार को आयुष मेडिकल एसोसिएशन की ओर से योग दिवस चैलेंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. एलबी कुशवाहा ने बताया कि इसके लिए अभ्यार्थी को आयुष कवच ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। उसके बाद योगा डे चैलेंज पर क्लिक करें। बताया कि इस बार तीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिसमें वीडीओ कांटेस्ट, योगा आर्ट और लाइव क्विज शामिल है। योगा क्विज का आयोजन मध्याह्न 1:00 बजे से 1:30 बजे तक आयुष कवच ऐप पर होगा।
-------------
डाक विभाग कराएगा वेबिऩॉर
बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रधान डाकघर और रसड़ा डाकघर में वेबिनार एवं वर्कशाप का आयोजन किया गया है। कोरोना महामारी के चलते इस तरह का आयोजन हो रहा है। अधीक्षक संजय त्रिपाठी बताया कि इसमे सभी कर्मचारियों को वर्चुअल के माध्यम से जुड़ना होगा और योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ लेना होगा। इस बार का स्लोगन है घर पर रहे योग के साथ रहे।