बलिया। खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुआन गांव के पास शनिवार की सुबह पिकअप और जीप की टक्कर हो गई। जीप सवार ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन से सवारी भरी जीप बलिया जा रही थी। इस बीच खेजूरी थाना क्षेत्र के जनुआन गांव स्थित पुल के पास सामने से आ रही पिकअप और जीप की टक्कर हो गई। इसमें खेजुरी थाना क्षेत्र के सासना अहलु निवासी ड्राइवर शहाबुद्दीन खान (40) पुत्र स्व. मैनुद्दीन खान और प्रयागराज से आ रहे गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर निवासी मनीष कुमार सिंह (30) पुत्र बच्चा सिंह घायल हो गए। जिला अस्पताल में शहाबुद्दीन खान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष सिंह को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।