बलिया। विकास खंड सोहांव के निर्भया के पैतृक गांव मेड़वरा कलां के ग्रामीणों ने अधूरी सड़क निर्माण को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए पत्रक में बताया गया है कि विशेसरपुर से मेड़वरा कलां तक जाने वाली सड़क पिछले पांच वर्षों से जर्जर है। ग्रामीणों ने बताया कि इस वर्ष लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया लेकिन मेड़वरा कलां गांव तक बनाने के बजाय केवल तेलिया बाबा के स्थान तक ही निर्माण कराया। इसके बाद मेड़वरा कलां तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। पत्रक सौंपने वालों में निक्की पटेल, संगीता कुमारी, उपेंद्र नाथ यादव, लालजी सिंह, बाला यादव, स्मृति पांडेय सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।