बलिया। गांवों में बनने वाले सचिवालय को हाईटेक किया जाएगा। पंचायती राज विभाग ने पहल शुरु कर दी है। जिले के 940 गांवों में बने पंचायत भवनों को बेहतर बनाने के लिए 16.45 करोड़ रुपये आंवटित किए गए हैं। अब यहां सचिवालय पूरी तरह से अत्याधुनिक होगा।
अपर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शासन की ओर से प्रति सचिवालय 1.75 लाख रुपये अवमुक्त हुए हैं। प्रत्येक सचिवालय में 25 कुर्सी, एक मेज, दो आलमारी के अलावा सीसीटीवी कैमरा, कंप्यूटर आदि लगेगा। इन सभी के खरीदारी के लिए रेट चार्ट मिल गया है। ग्राम पंचायत से संबंधित सभी दस्तावेज यहां रखे जाएंगे। यहां से योजनाओं के आवेदन पत्र मिल सकेंगे। सफाई के लिए रोस्टर के अनुसार गांव में तैनात सफाईकर्मी को लगाया जाएगा। बताया कि ग्राम सचिवालय की स्थापना व संचालन हेतु केंद्रीय वित्त आयोग व राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि, ग्राम निधि में उपलब्ध धनराशि तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रशासनिक व्यय हेतु अनुमन्य धनराशि से की जाएगी। सभी खर्च ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर व्यय किया जाएगा।