सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का हाथ- पैर बांध कर पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को रस्सी से बांध कर पकड़ा एक युवक दिख रहा है। जबकि दूसरा उसे पीटते हुए नजर आ रहा है। मामला थाना क्षेत्र के जमुई गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक छोटक कुमार का आरोप है कि गांव के चार युवक बुधवार को उसे दरवाजे से पकड़ कर अपने घर लेकर चले गए, जहां रस्सी से हाथ पैर बांध दिया और लाठी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। वह बचाव के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने एक न सुनी।
पीड़ित की मां शांति को भी पीटने का आरोप है। पीड़ित का कहना है कि उक्त परिवार से जमीनी विवाद चलता है। उन लोगों द्वारा कुछ जमीन भी कब्जा ली है। जिसका विरोध करने पर बार बार डराया और धमकाया जाता है। युवक का कहना था कि घटना की सूचना थाने पर देने के बाद भी पुलिस आरोपितों पर कार्रवाई करने की बजाय हमें ही 28 घंटे तक थाने में बैठाए रखी।
इस संबंध में सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि छोटक की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।