बलिया। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर कोविड रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेंटिलेटर के नहीं चलने की बात अब सुनने में नहीं आनी चाहिए। आरटीपीसीआर लैब के संचालन में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और शीघ्र इसे शुरू करने को कहा। कोविड अस्पताल बसंतपुर में छह और वेंटिलेटर जल्द चालू हो जाएंगे।
आरटीपीसीआर लैब के संचालन के बाबत जानकारी ली तो सीएमएस डॉ बीपी सिंह ने थोड़े बहुत एलटी स्टॉफ की कमी की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा, पिछले दो माह से स्टॉफ की कमी क्यों नहीं बताया। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि आज ही इनको लैब टेक्निशियन दें। मंडलायुक्त की बैठक में सीएमएस की ओर से जो समय सीमा दी गई थी, वह पूरी हो गयी है। अब जिम्मेदारी से इस लैब को चालू कर लिया जाए। ऑक्सीजन प्लांट चलाने के लिए 46 से 50 केवीए के जनरेटर की आवश्यकता पर कहा कि जब तक जनरेटर क्रय नहीं हो पाता है तब तक किराए या अन्य किसी तरह जनरेटर की व्यवस्था करें। ऑक्सीजन प्लांट को 22 मई तक शुरू करने की बात सामने आने पर जिलाधिकारी ने कहा कि कंपनी की ओर से इसको इन्स्टाल करने के लिए शासन में 21 मई की तिथि तय की गई है। इसलिए इंजीनियर से सम्पर्क कर यह बता दें कि 21 मई तक यह इंस्टाल कर शुरू कर दिया जाना चाहिए। असर्फी अस्पताल के प्रतिनिधि द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर की डिमांड पर जिलाधिकारी ने लिखित में देने को कहा, ताकि उनके लिए भी व्यवस्था कराई जा सके। वेंटिलेटर संचालन के बावत एनेस्थिसिया के डॉ अभिषेक से जरूरी जानकारी ली। बताया गया कि एल-2 अस्पताल बसंतपुर में 11 वेंटिलेटर चालू है, जबकि 6 वेंटिलेटर कनेक्टर लगने के बाद शुरू हो जाएंगे। एक वेंटिलेटर का मॉनिटर शॉट हो गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि असर्फी अस्पताल के टेक्निशियन 6 वेंटिलेटर में कनेक्टर लगाने गए हैं। उनसे समन्वय बनाकर ठीक करा लें और उसे भी जल्द शुरू करा दें। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सभी 18 वेंटीलेटर को चालू हालत में कार्य करते हुए ही फोटो व वीडियो भेजें। बैठक में सीडीओ प्रवीण वर्मा, एडीएम रामआसरे, एसडीएम सदर राजेश यादव, सीएमओ डॉ राजेंद्र प्रसाद, अभय सिंह आदि रहे।
तीन शव वाहन उपलब्ध, जरूरत पड़ने पर इन ड्राइवरों से करें संपर्क
बलिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस समय तीन शव वाहन उपलब्ध हैं, जिसकी जरूरत पड़ने पर संजय सिंह (9452099996), भगवान (9506322181) और रमेश ड्राइवर (7376369217) से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि दो और शव वाहन का संचालन जल्द ही शुरू हो जाएगा, जिसकी सूचना दी जाएगी।