नगर के गांधी नगर ओवरब्रीज के नीचे संचालित किया जा रहा वाहन स्टैंड तथा सवारियों के इंतजार में खड़े
- फोटो : BALLIA
बलिया। नगर में जाम की समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है। जाम से आमजन को निजात दिलाने के लिए कागजों पर कायदे-कानून बनाए गए, जो कुछ माह तक चले भी, लेकिन इसके बाद अधिकारी बदलते ही इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गचला गया और एक बार फिर मिलीभगत का खेल शुरू कर दिया गया। इसका नतीजा रहा कि नगर से बाहर किए गए वाहन स्टैंड एक बार फिर अंदर बनना शुरू हो गए है।
गांधीनगर के पास स्थित ओवरब्रिज एकल मार्ग है, जहां गोरखपुर, सिकंदरपुर, मनियर, बांसडीह, बक्सर की बस, जीप, मैजिक सवारी भरने का काम कर रही है। रोजाना यहां जाम लगा रहता है, लेकिन पुलिस पास खड़ी मूख दर्शक बनी रहती है। खड़े भी क्यों न हो प्रति वाहन सुविधा शुल्क जो मिलता है।नगर के अंदर दो यातायात प्रभारी तैनात किए गए है। एक उत्तरी तो दूसरा दक्षिणी। अब तीसरे यातायात प्रभारी को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा कोतवाली पुलिस भी तैनात रहती है। बावजूद लोगों को जाम के झाम से निजात नहीं मिल पा रही है। वाहन स्वामी निडर होकर सवारी भरने का काम कर रहे है। नगर के अंदर स्थापित वाहन स्टैंड से आए दिन जाम लग जाता था। इसे तत्कालीन जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत व तत्कालीन एसपी प्रभाकर चौधरी ने नगर के सभी बाहर करा दिया था। बहेरी स्टैंड से रसड़ा, चितबड़ागांव, फेफना, भरौली, बक्सर आदि को जाने वाले सवारी वाहन माल्देपुर मोड़, शीशमहल से हल्दी, रामगढ़, बैरिया आदि को जाने वाले सवारी वाहन कदम चौराहा, महुआ मोड़ से बांसडीहरोड, सहतवार, रेवती, बांसडीह, मनियर आदि को जाने वाले सवारी वाहन तीखमपुर स्थित पालीटेक्निक स्कूल, पीडब्लूडी से सुखपुरा, खेजुरी, सिकंदरपुर, बेल्थरारोड आदि को जाने वाले वाहन बहादुरपुर पुलिया से आगे कर दिया था। इसी बीच दोनों अधिकारियों का स्थानांतरण हो गया। इसके बाद एक बार वाहन स्वामियों की चांदी हो गई। नगर के अंदर वाहन स्टैंड फिर स्थापित हो गए। रेलवे स्टेशन के बाहर तथा मालगोदाम पर पुन: टेंपो चालक सिविल व यातायात पुलिस के मेहरबानी पर सवारी बैठाने का काम कर रहे हैं। यही हाल अन्य स्टैंडों का है। इस बाबत यातायात प्रभारी विश्वदीप सिंह ने बताया कि किसी भी सूरत में पुन:वाहन स्टैंड स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। सवारी बैठाने वाले वाहनों चालकों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।