फेफना विधानसभा सीट से जदयू के बैनर तले नामांकन करने वाले अवलेश कुमार के साथ उनकी पत्नी भी करोड़पति हैं। अवलेश हथियारों के भी शौकीन हैं। उनके पास राइफल के साथ ही पिस्तौल भी है। शपथ पत्र के अनुसार अवलेश कुमार के पास इनोवा तो पत्नी के पास पजेरो गाड़ी है। अवलेश की चल संपत्ति 89.84 लाख तो पत्नी की 18.42 लाख है।
इंटर की शिक्षा पाए अवलेश के पास 3.22 करोड़ और पत्नी के पास 2.32 करोड़ की अचल संपत्ति है। अवलेश पर 1.50 करोड़ का लोन भी है। इसी विधानसभा से बसपा से चुनाव लड़ रहे कमलदेव सिंह यादव भी इंटर की शिक्षा प्राप्त हैं। चलने के लिए सफारी गाड़ी है। अपने पास पांच लाख और पत्नी के पास 3.40 लाख की चल संपत्ति है। 80 लाख की अचल संपत्ति है।
बसपा के बैनर तले सिकंदरपुर से नामांकन करने वाले संजीव वर्मा स्कार्पियो से चलते हैं। अपने साथ पत्नी के पास भी सोना के आभूषण हैं। सुरक्षा के लिए राइफल भी रखते हैं। संजीव के पास 3.02 और पत्नी के पास 14.05 लाख की चल संपत्ति हैं। अचल संपत्ति शून्य दिखाई गई है।
सिकंदरपुर विधानसभा से आप प्रत्याशी प्रदीप कुमार के पास तो कोई वाहन नहीं है, लेकिन पत्नी के पास ब्रेजा गाड़ी है। सुरक्षा के लिए रिवाल्वर भी रखते हैं। उनके पास 16.44 लाख और पत्नी के पास 27.02 लाख की चल और 40 तथा 25 लाख अचल संपत्ति है।
बलिया विधानसभा से आप प्रत्याशी अजय राय पर एक मुकदमा भी है। चलने के लिए स्कार्पियो है। चल संपत्ति 16.91 पत्नी के पास 20.33 लाख की है। इंटर की शिक्षा प्राप्त हैं।
बेल्थरारोड से सुभासपा के उम्मीदवार हंसू राम गोरखपुर के रहने वाले हैं। उनके पास 6.83 लाख और पत्नी के पास 21.88 लाख की चल संपत्ति है। 38.22 लाख की अचल संपत्ति उनके पास और 1.45 करोड़ की पत्नी के पास है। परास्नातक की शिक्षा प्राप्त हंसू पर लोन भी है।
यहीं से चुनाव लड़ रहे बसपा प्रत्याशी बीटेक प्रवीण प्रकाश करोड़पति हैं। उनके पास 10.70 लाख और पत्नी के पास 21.78 लाख की चल संपत्ति हैं। प्रवीण के पास 1.70 करोड़ की अचल संपत्ति हैं और वो स्नातक हैं। पत्नी के नाम 25 लाख का लोन भी है।