इसके लिए एडीजी स्तर से लेकर सिपाही तक की ड्यूटी लगाई गई है। एसपीजी की देखरेख में तैयारी पूरी कर ली गई है। मंच और पंडाल तैयार है। रक्षा के मद्देनजर मंच के पास जैमर, जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा, एसपीजी के साथ ही खुफिया विभाग, पीएसी, सिविल पुलिस निगहबानी करेगी। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस अधिकारियों समेत करीब दो हजार पुलिसकर्मियों के हवाले रहेगी।
वाहनों को नियंत्रित करने के लिए शहर में रूट डायवर्जन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। साथ ही पेयजल व्यवस्था की गई है। यहां अग्निशमन विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां तैनात कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
रविवार को बलिया में भाजपा के दिग्गजों का जुटान हुआ था। गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई दिग्गजों ने हुंकार भरी थी। वहीं सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और सपा नेता रामगोविंद चौधरी ने भी जनसभाओं को संबोधित किया था।
कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी सोमवार को बलिया आएंगी। बांसडीह और फेफना विधानसभा में उनका कार्यक्रम है। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बलिया में कार्यक्रम तय हो गया है।
वह एक मार्च को जनपद के फेफना विधानसभा के कटरिया, बांसडीह के पिंडहरा और नगरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहीं से जनपद की सातों विधानसभा के मतदाताओं को साधेंगे। सपाइयों की ओर से कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है। सफल बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया गया है।