बैरिया/जयप्रकाश नगर। रविवार की सुबह नाली के विवाद में दो पक्षों में ईंट-पत्थर चले, जिसमें एक राहगीर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक घायल को वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया है।
दोकटी थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी कन्हैया गोंड के परिजनों ने धीरज गोंड की नाली बंद कर दी थी। इससे रास्ते पर गंदा पानी बह रहा था। धीरज गोंड के परिवार की प्रीति कुमारी (19) व क्षमा कुमारी (17) रविवार की सुबह नाली को खोलने लगीं। इसी बात पर विवाद हो गया। कन्हैया गोंड के घर के लोग ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसमे प्रीति, क्षमा के अलावा शैलेंद्र गोंड (36) और राहगीर बबुआन गोंड (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुकरौली निवासी बबुआन गोंड उसी रास्ते से अपने खेत से घर लौट रहे थे कि एक ईंट उनकी आंख पर लगी। मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची 112 नंबर की पुलिस पहुंच गई थी।