भीमपुरा। भीमपुरा थाना क्षेत्र के इमिलिया पुल के पास आठ जुलाई 2019 को दिनदहाड़े ब्रेजा कार को लूटने वाले बदमाश लूट की कार के साथ शनिवार की रात मऊ पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी, जबकि दो भागने में कामयाब रहे। घायल बदमाशों में एक पर 50 हजार तो दूसरे पर 25 हजार रुपये का इनाम हैं।
पकड़े गए दोनों बदमाशों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। बदमाश लूट की कार पर फर्जी नंबर लिखकर चल रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही भीमपुरा पुलिस ब्रेजा मालिक को लेकर गाड़ी की शिनाख्त के लिए मऊ रवाना हो गई। जहां पर भीमपुरा थाना क्षेत्र के इमिलिया में लूटी गई ब्रेजा के रूप में वाहन मालिक ने शिनाख्त की।
मालूम हो कि उभांव थाना क्षेत्र के लेदुरही खंदवा निवासी भूपेंद्र पटेल अपने रिश्तेदार राजू पटेल के साथ आठ जुलाई 2019 की सुबह करीब साढ़े आठ बजे ब्रेजा कार से आजमगढ़ के लिए निकले थे। वह जैसे ही घर से निकलकर मालीपुर पुरा नहर मार्ग होकर इमिलिया पुल के पास पहुंचे कि पीछे से दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोकवाया और चालक व मालिक को असलहा दिखाकर व मारपीट कर गाड़ी से बाहर निकाल दिया। इसके बाद गाड़ी व मोबाइल लेकर फरार गए। इस मामले में पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस समेत कई थानों की फोर्स ने नाकेबंदी कर छानबीन किया। लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
भीमपुरा थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की रात मऊ जिले के थाना सरायलखंसी और एसओजी टीम संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गाजीपुर की तरफ से आ रही एक ब्रेजा गाड़ी को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया तो गाड़ी बैरियर को तोड़कर भागने की कोशिश की। जिसके बाद पुलिस ने वायरलेस से सूचना सेट पर सूचना दिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें विक्रांत यादव तथा अमित यादव घायल हो गए। जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए।
पकड़े गए बदमाशों के पास से दो पिस्टल और कुछ कारतूस बरामद किया। जिसके बाद पुलिस उन्हें मऊ जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि विक्रांत यादव पर 50 हजार इनाम घोषित है तथा उस पर 35 मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं अमित यादव 25 हजार का इनाम है।