बलिया। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा की पहली पाली दोपहर में समाप्त होते ही सड़क पर हजारों परीक्षार्थियाें के आते ही शहर में जाम लग गया। शहर के टीडी कॉलेज, कुंवर सिंह, मिड्ढी, एससी कॉलेज, जगदीशपुर, चित्तूपांडेय सहित अन्य चौराहे जाम में जकड़ गए। सुबह एक घंटे व दोपहर में दो घंटे जाम लगा रहा।
टीडी कॉलेज चौराहे पर रूट डायवर्जन के बावजूद तीनों तरफ लंबा जाम लग गया। यातायात सामान्य कराने के लिए तेज धूप के बावजूद पुलिस, यातायात, पीआरडी के अलावा होमगार्ड लगे रहे। करीब दो घंटे बाद धीरे-धीरे जाम से मुक्ति मिली। सामान्य तौर पर पांच मिनट में तय होने वाला यह रास्ता को 40 से 50 मिनट में पूरा हो सका।
वहीं, कुंवर सिंह चौराहे से जगदीशपुर तिराहे व रोडवेज तिराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। टीडी काॅलेज से एससी काॅलेज तक करीब दो घंटे जाम लगा रहा। मुख्य मार्ग जाम होने के बाद धीरे-धीरे गलियां भी जाम हो गईं। यातायात को सामान्य कराने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर से वाहन चालकों और राहगीरों को निर्देश देते रहे।
-
दो हजार वाहन आने से यातायात पर बढ़ा दबाव
नगर के 15 केंद्रों पर यूपी-टीईटी में परीक्षार्थी शामिल हुए। परिवार के सदस्य को मिलाकर करीब 25 हजार से अधिक की लोग आए थे। करीब दो हजार वाहन आने से यातायात का दबाव और बढ़ गया। सुबह सात बजे के बाद शहर के प्रवेश द्वार चित्तूपांडेय, रोडवेज तिराहा, कदम चौराहा, कुंवर सिंह पर वाहनों की भीड़ बढ़ने से जाम लगने लगा। प्रशासन ने आठ बजे के बाद भारी वाहनों को शहर के बाहर डायवर्ट कर दिया। सबसे अधिक दबाव टीडी कॉलेज, एससी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर रहा। स्टेशन रोड पर लंबा जाम लग गया । ट्रैफिक प्रभारी अनवर अली ने कहा कि परीक्षा को लेकर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी। परीक्षा की छुट्टी होेने पर अचानक लोग घर जाने की जल्दीबाजी में वाहन सड़कों पर खड़ा करने व बैठने लगे इसके कारण जाम के हालत बने गए।
-
रेल्वे स्टेशन पर भी भारी भीड़ रही
प्लेटफॉर्म संख्या चार पर खड़ी कामायनी एक्सप्रेस कुछ ही समय में फुल हो गई। एसी कोच भी जनरल कोच की तरह हो गया। सुबह लखनऊ-छपरा, उत्सर्ग सहित अन्य ट्रेनों से सैकड़ों परीक्षार्थी पहुंचे। ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की होती रही। वाराणसी, आजमगढ़, सोनभद्र, जौनपुर व गोरखपुर मंडल क्षेत्र के ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए।