सहतवार। रेवती- सहतवार मार्ग पर शुक्रवार की सुबह त्रिकालपुर ढाले पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार राजेश तुरहा (40) की मौत हो गई और पीछे बैठे जीतेंद्र तुरहा घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। कुम्हैला भगवानपुर निवासी राजेश तुरहा (40) रिश्तेदार जीतेंद्र तुरहा निवासी सोनबरसा थाना बैरिया को बाइक से छोड़ने जा रहे थे। त्रिकालपुर ढाले पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से राजेश तुरहा बाइक से नीचे गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर का पहिया राजेश के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं पीछे बैठे जितेंद्र तुरहा चोटिल हो गए। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग दौड़ कर पहुंचे उन्होंने अचेत पड़े राजेश को उठाकर इलाज को अस्पताल भेजने का प्रयास किया, लेकिन मौत होने के कारण सड़क किनारे कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सहतवार पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम को भेज ट्रैक्टर की तलाश में जुट गई।