सामाजिक समरसता और स्नान-दान का पर्व मकर संक्रांति इस बार जिले में 15 जनवरी यानी आज मनाया जाएगा। भोर से ही गंगा समेत अन्य नदियों में श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे और पुण्य की कामना करेंगे।
इसके बाद गरीबों में अन्नदान करेंगे। मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर गंगा घाटों की साफ-सफाई के साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
प्रमुख घाटों पर पुलिस कप्तान राजू बाबू सिंह ने पुलिस बल की तैनाती की है। ताकि स्नान करने वालों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मकर के स्नान को देखते हुए नगर के नगर के महावीर घाट, कीनाराम घाट, शिवरामपुर घाट के साथ ही मझौंवा घाट, पचरूखिया घाट, जवहीं दियर घाट, हासनगर, नौनीजोर, भरौली, उजियार, कोटवा नारायणपुर, बड़का खेत, शाहपुर बभनौली के घाटों पर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
प्रमुख घाटों पर गुरुवार को हजारों श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाएंगे। स्नान ध्यान करने के बाद ब्राह्मणों को चूड़ा, गुड़, तिल, तिलवा, वस्त्र, जूता आदि दान करेंगे। इसके बाद गुड़, दही, चूड़ा ग्रहण करेंगे। मकर संक्रांति पर्व पर शाम को खिचड़ी खाने का प्रावधान है। इसके चलते गोभी और मटर के भाव में बढ़ोत्तरी देखी गई।
ज्योतिषाचार्य पंडित अभयशंकर द्विवेदी ने बताया कि मकर राशि में सूर्य 14 जनवरी की रात 1:20 बजे प्रवेश करेंगे और संक्रांति का पुण्यकाल 15 जनवरी को शाम 4:03 बजे तक रहेगा।