नगर के विशुनीपुर स्थित मस्जिद परिसर में जुम्मा के नमाज के दौरान तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : BALLIA
बलिया/रेवती/सिकंदरपुर/बेल्थरारोड। कानपुर हिंसा और अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं के चल रहे विरोध के मद्देनजर शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान सतर्कता बरती गई। मस्जिदों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई और अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा लेते रहे। जिले में जुमे की नमाज शांति के साथ पढ़ी गई। अफसरों संवेदनशील जगहों पर शांति समिति और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
जुमे की नमाज से पहले शुक्रवार को दोपहर में जनपद के अधिकांश मस्जिदों पर पुलिस के जवान निगरानी करते रहे। एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्ष फोर्स के साथ अपने-अपने इलाके में गश्त करते रहे। रेवती थाना क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों पर पुलिस तथा पीएसी की उपस्थिति के बीच जुमे की नमाज अदा हुई। बड़ी मस्जिद, थाना के पास स्थित मस्जिद, छोटी मस्जिद, मूनछपरा, कौलेन पाण्डेय का टोला, रामपुर स्थित मस्जिदों पर पुलिस ड्यूटी पर रही। सिकन्दरपुर में शुक्रवार को दोपहर उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर प्रशान्त कुमार नायक के नेतृत्व में पुलिस ने नगर में रुट मार्च निकाला। स्थानीय बस स्टेशन चौराहा से निकला रुट मार्च नगर के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करते हुए पुन: अपने पूर्व स्थान पर वापस आ कर समाप्त हुआ। बेल्थरारोड नगर क्षेत्र के मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। नगर के जामा मस्जिद समेत क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर मस्जिदों में मुस्लिम बंधुओं में जुमे की नमाज अदा की। एसडीएम राजेश गुप्ता, उभांव एसएचओ अविनाश कुमार सिंह जुमे की नमाज को सकुशल संपन्न कराने को लेकर मुस्तैद दिखे।