मनियर। मनियर-बलिया मुख्य मार्ग पर गौराबगही मौजा स्थित रामनरायन सिंह कोल्ड स्टोरेज के पास सोमवार को सड़क के गड्ढे में ट्रक फंसने से जाम लग गया। इसकी वजह से वाहनों की कतार लग गई और पूरे दिन जाम लगा रहा। कई वाहन चालक रूट बदल रवाना हुए।
मनियर-बलिया मुख्य मार्ग की मरम्मत 2017-18 में की गई थी। दो साल में ही सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। सामाजिक संगठनों ने मरम्मत की मांग की लेकिन मरम्मत नहीं की गई। शनिवार को भी तीन ओवर लोडिंग ट्रक फंस गए थे जिससे जाम लग गया था। सोमवार को पुन: ओवर लोड ट्रक गड्ढे में फंस गए जिससे जाम लग गया और दोनों तरफ से गाड़ियों की लम्बी कतार लग गई। दोपहर तक जाम लगा रहा। क्षेत्र के बीरेंद्र, राकेश, वशिष्ठ, सुरेंद्र, मदन, मोहन आदि ने चेताया कि अगर तत्काल ओवर लोडिंग ट्रकों पर रोक नहीं लगाई व रोड का मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा। उधर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता आरए पांडेय ने बताया कि चौबीस घंटे के अंदर सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।