बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के जमुआंव मिशन नहर मार्ग पर सद्दोपुर के पास बीते शनिवार को बाइक सवार लुटेरों ने जीजा-साली को तमंचे से आतंकित कर मंगलसूत्र व मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे।
घटना के 48 घंटे बाद तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, लुटेरों को पकड़ने के लिए सर्विलांस की मदद लेने के साथ ही तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। बीते शनिवार को उभांव थाना क्षेत्र के तेलमा जमालुद्दीनपुर निवासी अमित यादव बाइक से अपनी भाभी की बहन को ताड़ीबड़ागांव पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।
जमुआंव मिशन नहर मार्ग पर सद्दोपुर के पास तीन बदमाशों ने बाइक को बलपूर्वक रोक लिया तथा युवक व महिला से मोबाइल व मंगलसूत्र छीनकर भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। एसएचओ आरपी सिंह ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। संवाद