बैरिया/जयप्रकाश नगर। थाना क्षेत्र के चांददियर पुलिस ने चांददियर चौराहे से शुक्रवार की शाम मुखबिर की सूचना पर पिकअप में प्याज की बोरी के बीच तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 50 पेटी बियर व 50 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर पिकअप को सीज करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया।
एसएचओ संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बैरिया की तरफ से तस्करी के लिए पिकअप पर प्याज की बोरियों के बीच शराब जा रहा है। इसके बाद चौकी इंचार्ज चांददियर सूरज सिंह व बैरिया चौकी इंचार्ज गिरजेश सिंह को सूचना दी गई। दोनों उप निरीक्षकों ने पिकअप को कब्जे में लिया। प्याज की 18 बोरियों के बीच 50 पेटी बियर व 50 पेटी अंग्रेजी शराब लदा हुआ था। पूछताछ में पकड़े गए एक ने अपना नाम व पता सतीश कुमार पुत्र अंगद सिंह निवासी जनार्दनपुर फतुहा पटना बिहार तथा दूसरे ने आजाद पुत्र गफ्फार निवासी जनार्दनपुर फतुहा थाना बिहार बताया। उधर, चांददियर चौराहे से ही चांददियर पुलिस ने शनिवार को एक इंडिगो कार से बियर की 24 केन व 12 बोतल वोदका शराब के साथ एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने कार को सीज करते हुए विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करते हुए अभियुक्त को जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम व पता अमन कुमार सिंह निवासी बड़ौना थाना चंडी नवादा बिहार बताया।