रेवती। स्थानीय थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में शनिवार की रात चोरों ने बाहर से चिटकनी लगाकर कुल पांच घरों से नगदी समेत लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर लिया। चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। पीड़ितों ने स्थानीय थाने में उक्त की तहरीर दी है।
चोरों ने सबसे पहले जयराम मिश्र के मकान को निशाना बनाया। घर के पिछवाड़े से चोर आंगन में उतर गए। घर के लोग जिस कमरे में सो रहे थे उनके दरवाजे की चिटकनी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद एक कमरे में रखे बक्सों के लाक को तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के आभूषण तथा 20 हजार रुपये को लेकर निकल गए। बगल के राजेंद्र मिश्र के छत से घर में उतर वहां भी पूर्व की भांति कमरे में सोए लोगों को बाहर से बन्द कर दूसरे कमरे में रखे बक्से को तोड़कर 20 हजार रुपये व अन्य सामान उठा ले गये। दयाशंकर शुक्ल के घर में भी पैठ बनाकर चोरों ने कमरे का ताला तोड़ कुछ कपड़े तथा अन्य समानों पर हाथ कर दिया। दीनानाथ मिश्र के घर भी छत से घर में उतर चोरों ने सोई महिलाओं के घरों को बाहर से बन्द कर दिया। जब बरमेश्वर तिवारी के सोए घरवालों को उनके कमरे में चोर बंद कर रहे थे तभी लोग जाग पड़े लोगों के शोर मचाने पर चोर भाग निकले।