चोरी के दौरान नकद और सामान की चोरी तो आपने सुनी होगी लेकिन रेवती नगर में चोरों ने खाद्य सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। बंद गोदाम में रखा सरसों का तेल और दाल चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और पुलिस अब तफ्तीश कर रही है।
रेवती नगर के बाजार में स्थित महेश केशरी के गोदाम का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। मंगलवार की रात चोरों ने मठिया बाजार स्थित महेश केशरी के गोदाम के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की। 30 किलो मेथी , 30 किलो मूंगदाल, 10 किलो गोल मिर्च , 20 किलो जीरा, 10 पेटी सरसों तेल आदि चुरा ले गए।
विज्ञापन
पीड़ित दुकानदार ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि सीसी कैमरे से आरोपियों की पहचान हुई है। बताया कि हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर चोरी में शामिल होने की बात तीनों ने स्वीकार की है। इनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर कार्रवाई की जा रही है।