मझौंवा क्षेत्र के गंगापुर गांव स्थित एनएच-31 पर लगा वाहनों का जाम।संवाद
- फोटो : credit
बलिया/मझौवां। मुंडन संस्कार की तिथि होने के कारण शुक्रवार को गंगा तटों पर पूरे दिन लोगों का रेला लगा रहा। इससे मझौंवा के पास एनएच-31 पर लगभग 15 किमी तक जाम लगा रहा। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। शहर के महावीर घाट, गंगा तट पर ट्रैक्टर, बस व पिकअप की संख्या बढ़ने से शहर में जाम हो गया। जगदीशपुर चौराहा व सिविल लाइन क्षेत्र में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। मझौंवा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के हुकुमछपरा गंगा घाट समेत तमाम छोटे-बड़े घाटों पर सुबह से ही मुंडन संस्कार करने वालों का तांता लगा रहा। दूर-दराज से मुंडन संस्कार में आए लोगों के वाहन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शुक्लछपरा से प्रसाद छपरा तक लगभग 15 किलोमीटर लंबा जाम रहा। करीब तीन से चार घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। पचरुखिया-रेवती मार्ग, कंचनपुर-गायघाट मार्ग, रामगढ़-बलिहार मार्ग व सुघर छपरा-नवका गांव मार्ग भी जाम की चपेट में रहा। नरहीं संवाददाता के अनुसार मुंडन संस्कार के लिए उजियार गंगा तट पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर दोपहर तक गंगा तट पर मुंडन संस्कार करने वालों का जमावड़ा लगा रहा। नाव कम पड़ गई तो लोगों को नाव के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
सुबह चार बजे से ही बस, स्कार्पियो, पिकअप, टेंपो, ट्रैक्टर ट्राली, बोलेरो में सवार होकर गाजेबाजे डीजे के साथ मंगल गीत गाती हुई महिलाएं उजियार गंगा तट पर पहुंचने लगी और यह सिलसिला 11 बजे तक चला।
गंगा की रेती से लेकर उजियार तिराहे तक एनएच 31 के दोनों बगल में वाहनों की लंबी कतार लग गई। तिराहे से महिलाएं पैदल ही गंगा घाट पहुंचीं और गंगा तट पर आधा किलोमीटर तक तक पैर रखने की जगह नहीं बची थी।