सांसद आदर्श गांव ओझवलिया में सोमवार को जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सांसद भरत सिंह के नेतृत्व में चौपाल लगाकर गांव के विकास का खाका खींचा।
सभी अधिकारियों ने बारी-बारी से अपने विभाग द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यक्रमों की बात ग्रामीणों को बताई।
चौपाल में सांसद ने कहा कि ग्रामीणों के रोजगार के लिए कौशल विकास मिशन के तहत गांव में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा।
साथ ही गांव में जर्जर चार पोखरों का सुंदरीकरण उनका अलग-अलग विकास किया जाएगा। गांव की प्रमुख समस्या बाढ़ से निबटने के लिए रिंग बंधे का निर्माण भी कराया जाना प्रस्तावित है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता फणींद्र राय ने बताया कि आर्सेनिक से मुक्ति के लिए ओझवलिया गांव में साढ़े आठ सौ फीट बोरिंग कर पाइप लाइन के माध्यम से नि:शुल्क पानी की सप्लाई ग्रामीणों को दी जाएगी।
वन विभाग द्वारा पूरे गांव के खाली स्थानों में प्लांटेशन का काम, गरीबों को इंदिरा आवास, स्वच्छ शौचालय सहित विभिन्न योजनाओं का संचालन संपन्न होगा। चौपाल के बाद सांसद भरत सिंह ने ओझवलिया पहुंचे एक-एक अधिकारियों के कार्ययोजना को विस्तार से समझते हुए कार्यों में प्रगति लाने का निर्देश दिया।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमप्रकाश सिंह पिंटू, प्रधान सुनील सिंह, जिला पंचायत सदस्य सत्य नारायण गुप्त, आनंद स्वरूप शुक्ल, दीपक सिंह, सुरजीत सिंह, प्रमोद पांडेय, डीडीओ ओपी आर्या, डा. राजीव तिवारी, सुनील कुमार पटेल, सईद अख्तर, विजयंत ठाकुर, अब्दुल अव्वल, विद्या सागर गुप्त, शशिभूषण दूबे आदि रहे। संचालन भाजपा के नगर विस के नेता आनंद स्वरूप शुक्ल ने किया। अंत में सभी आगंतुकों के प्रति आभार ग्राम प्रधान अनिल भारती ने प्रकट किया।