बैरिया। थाना क्षेत्र के चांददियर में चार दिन पूर्व गिट्टी डिपो में ट्रक से कुचलकर मृतक 35 वर्षीय जयप्रकाश सिंह उर्फ जेपी सिंह की चौंकाने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है। रिपोर्ट के अनुसार लोडेड ट्रक से जयप्रकाश को कई बार कुचला गया था। इसके बाद बैरिया पुलिस ने ट्रक को बरामद करने के साथ ही उसके चालक को मंगलवार को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
बैरिया थाना क्षेत्र के चांददियर में 28 मई को एनएच 31 के किनारे एक गिट्टी डिपो में भोर में ट्रक से कुचलकर जयप्रकाश (35) की मौत हो गई थी। उसी दिन मृतक की पत्नी दुर्गावती देवी की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पत्नी दुर्गावती देवी ने अपने पति की हत्या करने, पति के पास से रुपए व मोबाइल गायब होने का आरोप लगाई थी। इसके अलावा लोगों ने भी हत्या की आशंका व्यक्त की थी। लोगों का कहना था की जेपी का घर डिपो के पास ही है। डिपो पर रात में अक्सर लाल बालू लदे ट्रक खड़े हो जाते थे और आए दिन रास्ते पर ट्रक खड़ा करने को लेकर ट्रक ड्राइवरों से जेपी का विवाद होता रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लोडेड ट्रक से कई बार कुचलकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया। इस बाबत एसएचओ बैरिया धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले ही धारा 304 ए के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की विवेचना चल रही है।