रेवती। नगर का पारंपरिक महावीरी झंडा जुलूस नाग पंचमी के दिन सोमवार को अपराह्न 3.30 बजे के करीब उत्तर टोला पुराने हनुमान मंदिर स्थित अखाड़ा नंबर एक की अगुवाई में निकला।
झंडे के पीछे अन्य तीन अखाड़ों के जुलूस अपने क्रम में नगर के निर्धारित मार्गों से होता हुआ अपने-अपने अखाड़े पर पहुंचकर देर रात संपन्न हुआ।
नगर के वार्ड नंबर 10 स्थित हनुमान मंदिर पर अखाड़ा नंबर -एक के अखाड़ेदार राजा चौधरी की उपस्थिति में अवधेश उपाध्याय के द्वारा वहां स्थित देव हनुमान का पूजन अर्चन किए जाने के पश्चात अखाड़े के लोग जुलूस के शक्ल में नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए।
उसके पश्चात अखाड़ा नंबर दो बजरंग दल सेवा समिति के अखाड़ेदार घूरा राजभर के नेतृत्व में, अखाड़ा नं 3 बस स्टैंड हनुमान मंदिर के अखाड़ेदार भोला ओझा तथा अखाड़ा नं चार के अखाड़ेदार कौशल तुरहा के नेतृत्व में जुलूस के लोग डीजे पर थिरकते हुए अपने-अपने क्रम में आकर लग गए।
इसके पश्चात जुलूस बीज गोदाम,उत्तर टोला दुर्गा मंदिर, बुढ़वा शिव मंदिर,उत्तर टोला पुल, डाकघर,संकट मोचन हनुमान मंदिर,रामलीला मैदान,महादेव स्थान,मौनी बाबा हनुमान मंदिर, पावर हाउस,बस स्टैंड,थाना होते हुए जुलूस बाजार पहुंचा। जुलूस में अखाड़ों की आकर्षक झांकियां, युवा समूह द्वारा प्रदर्शित कला कौशल आदि आकर्षण का केंद्र रहीं।
जुलूस में कनक पाण्डेय,मांडलू सिंह, अमित पाण्डेय पप्पू सहित अन्य युवक अधेड़ बड़ी संख्या में शामिल रहे।
नगर भ्रमण के पश्चात जुलूस के लोग देर रात अपने-अपने अखाड़े के लिए प्रस्थान किए।