बलिया। जिले में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार जिले को 500 करोड़ के निवेश का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अब तक विभाग के पास 265 करोड़ रुपये का प्रस्ताव आ गया है। वहीं, जीबीसी-4 में लगभग 650 करोड़ रुपये के 41 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे।
उद्योग विभाग के निवेश मित्र अभिषेक केशरवानी ने बताया कि जिले में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ग्लोबल बिजनेस कॉन्क्लेव-5 के तहत विभिन्न उद्योगों से जुड़े प्रस्ताव आ रहे हैं। कुल 500 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 2650 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन परियोजनाओं से जिले में लगभग एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अभी मिले प्रस्तावों के सत्यापन चल रहा है। इसके बाद योजना के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।
बड़े उद्योगों के साथ कई छोटे-मध्यम स्तर के उद्योगों के निवेश प्रस्ताव भी शामिल हैं। जैसे आटा मिल, राइस मिल, सॉमिल, फिलिंग स्टेशन, ऑयल मिल, वेयरहाउसिंग तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां शामिल है। बताया कि दिसंबर माह शुरुआत में इन निवेशकों के साथ एमओयू हस्ताक्षर किया जाएगा।