बलिया। शहर के बाजारों में देशभक्ति का रंग दिखाई देना शुरू हो गया है। जगह-जगह तिरंगे झंडे, बैज, बैंड, कैप, रिबन, स्टिकर, हेयर बैंड और पोस्टर की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी है। छोटे-बड़े व्यापारी अपने स्टॉल और दुकानों पर तरह-तरह के देशभक्ति से जुड़े सामान सजा कर रखे हैं।
स्कूल-कॉलेज के छात्र, सरकारी और निजी संस्थानों के कर्मचारी, सामाजिक संगठन और आमलोग उत्साह के साथ इन वस्तुओं की खरीदारी करने आने लगे हैं। बाजार में नई लुक एवं आकर्षक डिजाइनों में तिरंगा झंडे की भरमार है। वहीं बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के पसंद का ध्यान रखा गया है।
बाजार से प्लास्टिक के झंडे गायब है। गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाने के लिए लोग तैयारी में जुटे हैं। बाजारों में तिरंगे टोपी, रीबन, बैज, स्टीकर, चुन्नी, पगड़ी, टोपी, टेबल फैन, आईकार्ड, ब्राॅज, बालों में डालने वाली रबड़ आदि सामान की दुकानें सजी हैं। लोगों इनकी जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं।
शहीद पार्क चौक स्थित दुकानदार अशोक कुमार ने बताया कि बैज 5-10 रुपये, बैंड 5-30 रुपये, टोपी 5-50 रुपये, आईकार्ड व रीवन 10 रुपये, चूड़ी 20 से 40 रुपये, रबर 5-20 रुपये, स्टीकर 5-10 व झंडा 5 से 500 रुपये तक बिक रहा है। अधिकांश लोग बड़ा झंडा का डिमांड कर रहे हैं।
खासकर खादी का डिमांड अधिक हो रहा है। इधर, विद्यालयों में गणतंत्र दिवस की तैयारी अंतिम चरण पर थी। कलेक्ट्रेट सहित सरकारी कार्यालयों को तिरंगे में सजाया गया है। चौराहों की रंगाई-पोताई के बाद आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।