सिकन्दरपुर। आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर में चेयरमैन पर घोटाले एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर बृहस्पतिवार को सभासदों ने मोर्चा खोल दिया। साथ ही एसडीएम सिकंदरपुर को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग के साथ ही विकास कार्यों में करोड़ों के गबन का आरोप लगाया।
सभासदों ने दिए गए पत्र में आरोप लगाया कि आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर में लगातार तीन वर्षों से सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। विकास कार्य कागजों तक ही सीमित हैं। ज्यादातर निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी है और गबन के कारण समय से पूर्व ही खराब व क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वार्ड एक में रंगीन इंटरलाकिंग निर्माण कार्य, वार्ड दो में मार्ग के दोनों तरफ इंटरलाकिंग निर्माण कार्य, वार्ड पांच में बस स्टेशन से लेकर गांधी आश्रम तक रोड के दोनों तरफ इंटरलाकिंग, वार्ड छह में भीखपुरा मस्जिद से लेकर बाल विकास स्कूल तक नाली निर्माण कार्य, वार्ड 12 में नूरानी मस्जिद तक सीसी रोड का निर्माण, वार्ड 15 में रशीदिया मस्जिद से लेकर डा. हुसैना के घर तक रंगीन इंटरलाकिंग कार्य, वार्ड छह में मनियर मार्ग तक व काली मन्दिर से लेकर बाल विकास स्कूल तक पिच रोड कार्य और सात में इंटरलाकिंग कार्य में धांधली की गई है। डीजल-पेट्रोल के भुगतान में खेल किया गया है। रिश्तेदारों एवं मित्रों को आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में रखा गया है। जल विभाग को वाटर सप्लाई से जो भी राशि प्राप्त होती है उसका कोई लेखा-जोखा नहीं है। पिछले तीन सालों के रिकार्ड सार्वजनिक करने की मांग की। कहा कि प्रत्येक महीने सेनिटाइजेशन, फिग-फॉग दवा का छिड़काव, कीटनाशक दवा का छिड़काव, चूना-ब्लीचिंग पावडर आदि मदों पर लाखों रुपये तक का भुगतान किया जा रहा है लेकिन जमीनी स्तर पर ऐसा कोई कार्य होता हुआ नहीं दिख रहा है। जल्पा मन्दिर के पास स्थित सामुदायिक शौचालय की मरम्मत क राकर उसे नया निर्माण कार्य बताया जा रहा है। शौचालय के सबसे बड़े कमरे को चेयरमैन ने अपने समर्थक का कब्जा करवा रखा है। डस्टबीन व एलईडी लाइट खरीद में हेराफेरी का आरोप लगाया। सभासदों ने गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। शबनम परवीन, राहुल रावत, घनश्याम मोदनवाल, पिंटू पाठक, मुमताज अहमद, रमेश यादव आदि सभासद मौजूद थे।