रसड़ा। अपर जिला जज प्रथम पुनीत कुमार गुप्त और अपर जिला जज एफटीसी प्रथम ज्ञान प्रकाश तिवारी ने मुंसिफ कोर्ट रसड़ा का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। पीठासीन अधिकारी और अधिवक्ताओं के बीच वार्ता के बाद अधिवक्ता बुधवार से काम पर लौटेंगे।
निरीक्षण में अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए पेयजल के लिए बड़ा आरओ प्लांट के लिए स्वीकृति प्रदान की। चहारदीवारी के लिए पैमाइश कराने के लिए एसडीएम रसड़ा को निर्देश दिया। एसडीएम ने बहुत ही जल्दी मुंसिफ कोर्ट के क्षेत्रफल की नापी कराने का आश्वासन दिया। अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए कहा। अधिवक्ता बार एसोसिएशन रसड़ा के अध्यक्ष राधेश्याम चौबे ने कोर्ट परिसर की समस्याओं को बताया। पंकज दुबे, कमलेश तिवारी, जितेंद्र सिंह, इंद्रजीत तिवारी, दीपक माघवेश तिवारी मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाल नारेबाजी की
बेल्थरारोड। तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन ने मंगलवार को एसडीएम के स्थानांतरण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाल जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। एसो. के अध्यक्ष शौकत अली ने बताया कि अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने 11 फरवरी को जिलाधिकारी से मिलकर एसडीएम के स्थानांतरण की मांग की थी। डीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी है।