अधिकारी व कर्मचारीयों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय परिसर का निरीक्षण करती जिलाधिकारी अदिति सिंह?
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अनुभाग के टेबल पर जाकर लिपिकों से उनके कार्य के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने कर्मियों से दो टूक कहा कि कलेक्ट्रेट में हर टेबल पर कामकाज एकदम ठीक होना चाहिए।
जिलाधिकारी सबसे पहले संयुक्त कार्यालय में गईं और वहां हर टेबल पर लिपिकों के कार्यों की जानकारी ली। राजस्व सहायक टेबल पर निर्देश दिया कि कुर्सी और अलमारियों की आवश्यकतानुसार मरम्मत, रंगाई-पुताई या नई खरीद कर ली जाए। प्रमाणपत्र अनुभाग के बाद आयुध अनुभाग में लिपिक से अभिलेख के बारे में पूछताछ की। राजस्व और न्यायिक अभिलेखागार में बाबू की टूटी कुर्सी पर सवाल करते तत्काल ठीक कराने को कहा। रिकार्ड रूम में फटे-पुराने बस्ते होने पर चिंता जताते हुए नए बस्तों में अभिलेख को रखवाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि बस्ते में उतनी ही फाइल रखें, जितनी उसमें रखी जा सके। फोटो कॉपी मशीन व अन्य खराब सामग्रियों को भी ठीक कराने को कहा। इन कामों को पूरा कराने के लिए एक माह का समय देते हुए कहा कि अगले निरीक्षण में अभिलेखागार की सूरत बदली हुई दिखनी चाहिए। बिजली की जर्जर व्यवस्था को दुरुस्त कराते हुए प्रकाश की उचित व्यवस्था करने को कहा। बाढ़ कंट्रोल रूम और आपदा अनुभाग में खासकर बाढ़ से संबंधित कार्यों की पूछताछ की। साथ ही अलमारी खुलवा कर फाइलों की भी जांच पड़ताल की। इस मौके पर एडीएम रामआसरे, सीआरओ विवेक श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह, एओ अश्विनी तिवारी, कौशल उपाध्याय आदि रहे।