बलिया। शहर के लोगों को अगस्त में सीवर की सुविधा मिलने की उम्मीद है। एसटीपी का निर्माण पूरा हो गया है। पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। 68 करोड़ रुपये से काम कराए जा रहे हैं।
दिसंबर 2006 में शहर के बेदुआ मोहल्ले में सीवर परियोजना के लिए भूमि पूजन हुआ था। शासन ने इस परियोजना को पूरा करने का समय वर्ष 2009 निर्धारित किया था लेकिन धन के अभाव में कार्य रुकता गया। इस दौरान परियोजना में करोड़ों का खर्च बढ़ गया। उधर, शहर के करीब सात किमी दूर छोड़हर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए भूमि ली गई है। किसानों को लाखों रुपये मुआवजा भी दिया गया। 2016 में एसटीपी निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया। एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। उस वक्त लागत 12 करोड़ की थी लेकिन कमिशन खोरी के चलते निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
कार्य अगस्त में पूरा कर लिया जाएगा। एसटीपी का कार्य पूरा हो गया है। पाइप लाइन की मरम्मत की जा रही है। अमृत योजना फेज-2 के तहत कार्य चल रहा है। सीवर के ऊंचे चैंबरों को ठीक कराया जाएगा, जिससे किसी तरह का हादसा न हो। सड़क से चैंबर को एक-दो इंच ऊंचा रखा जाता है। सड़क की मरम्मत के समय कमियों को दूर किया जाता है। -पीयूष मौर्य, एक्सईएन, जन निगम नगरीय।