सुखपुरा। थाना परिसर के मुख्य गेट पर खड़े एक वाहन को बारात ले जा रही कार ने शुक्रवार की देर शाम टक्कर मारते हुए चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त करते हुए पलट गई। जिसमें दो बच्चों सहित तीन लोग घायल हो गए। हालांकि कार चालक सहित अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
बताया जाता है कि थाना गड़वार के नूरपुर (होल-के-पूरा) से रामजी यादव की बरात कार से जा रही थी, जिसमें दूल्हा भी बैठा था। गाड़ी जब थाना परिसर के सामने आई तो बलिया से सिकंदरपुर की तरफ जा रहे एक जीप को बचाने में थाना परिसर से निकल रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतना जोरदार था कि परिसर की चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर बरात ले जा रही कार पलट गई। बरात वाली गाड़ी में बैठे दो बच्चे एवं दया यादव (26) ग्राम चितूपाली थाना नगरा घायल हो गए। पुलिस ने गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला एवं बच्चों को कस्बा स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया। जबकि गंभीर रूप से घायल दया यादव को चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी गंभीर स्थिति देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उसे मऊ लेकर गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर, गाड़ी का चालक और दूल्हा दोनों बाल-बाल बच गए। देर रात तक दूल्हा थाने में वाहन के इंतजार में बैठा रहा। पुलिस ने वाहन उपलब्ध कराकर उसे बरात में भेजा।