बलिया। भारी भरकम बकाया से जूझ रहे विद्युत विभाग की नजर अब सरकारी बकाए पर है। इनसे वसूली को लेकर कवायद तेज कर दी है। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार संबंधित विभागों को बिल व नोटिस दी गई। उधर, विभाग की ओर से रविवार को शुरू किए अभियान में कुल 516 सरकारी संस्थानों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इन संस्थानों पर कुल 16 करोड़ रुपये का बकाया है। जिसमें जिला बेसिक कार्यालय भी शामिल है। जहां दो दिनों से बिजली गुल है। जिसके चलते सभी काम ठप पड़े हुए है।
बताया जा रहा है कि जिला बेसिक कार्यालय, प्राइमरी स्कूल, जूनियर हाई स्कूल, बीआरसी आदि मिलाकर 10 करोड़ का बकाया है। जिसके चलते बिजली सप्लाई काट दी गई है। आलम यह है कि इनवर्टर भी जवाब दे चुका है।
नरही क्षेत्र में बिजली विभाग व शिक्षा विभाग के आपसी खींचतान में बिजली के बकाया बिल को लेकर बिजली विभाग ने कई विद्यालयों के बिजली के कनेक्शन काट दिए जाने के कारण विद्यालय खुलने के पहले दिन ही बच्चों को विद्यालय में भीषण गर्मी से दो चार होना पड़ा। वहीं, सोहांव बीआरसी का बिजली कनेक्शन काटने से शिक्षा विभाग की आवश्यक कार्रवाई भी बाधित हो गई है। विकास खंड सोहांव के प्राथमिक विद्यालयों में नगवांगाई, बसुदेवा, सिंगारपुर, सुजायत, टिकरी, बढ़वलिया, अख्तियारपुर, इच्छा चौबे का पूरा, मिल्की, टाउन एरिया चितबड़ागांव में प्राथमिक विद्यालय व जूनियर हाईस्कूल विद्यालय के बिजली कनेक्शन बिजली विभाग ने बकाया भुगतान नहीं होने के कारण काट दिया गया है। विद्यालय खुलने के पहले दिन बिजली कनेक्शनों के काटे जाने के कारण बच्चों को भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।