मनियर। क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी के मामले में फरार चल रहे आरोपी राजकमल वर्मा उर्फ मंत्री के विरुद्ध दर्ज एफआईआर में सोमवार की रात नया मोड़ आ गया है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने वाली 17 वर्षीय किशोरी लापता हो गई है। पीड़िता के पिता ने मुख्य आरोपी राजकमल वर्मा, उसके परिवार के पांच सदस्यों, एक मित्र और कुछ अज्ञात अपराधियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है।
थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता के पिता ने बताया कि उन्होंने बीते 20 अप्रैल को आरोपी कमला वर्मा उर्फ राजकमल वर्मा उर्फ मंत्री के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। पिता का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी और उसके परिजन लगातार उन पर केस वापस लेने या सुलह करने का दबाव बना रहे थे। आरोपियों की ओर से धमकी दी जा रही थी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया, तो लड़की को उठा ले जाएंगे और जान से मार देंगे।
नई तहरीर में दर्शाया गया है कि 19 मई की भोर में आरोपी कमला वर्मा, उसके परिजन और कुछ अन्य ने उनकी पुत्री का अपहरण कर लिया। मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम के साथ गांव गया था। परिजनों ने बताया कि किशोरी भोर में घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद लौटकर नहीं आई। जांच की जा रही है।