बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने और बीच-बचाव करने आए उसके नाबालिग बेटे पर हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 मई की रात वह घर में काम कर रही थी। इसी बीच अर्जुन घर में घुस गया। उसने छेड़खानी की। आरोपी के भाई बड़क, गुड्डू और सुगंध भी वहां पहुंच गए। सभी ने बदसलूकी की। नाबालिग बेटा बचाव करने दौड़ा, तो आरोपियों ने फाइटर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। इससे पहले 10 मार्च को भी इन लोगों ने ऐसी ही घटना को अंजाम दिया था। इसमें पुलिस की मौजूदगी में समझौता हुआ था। वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। प्रभारी निरीक्षक बांसडीह राकेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।