बलिया। नगर स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार को इलाज के दौरान महिला की मौत व तीन दिनों पहले सिकंदरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले की जांच की जाएगी। इसके लिए सीएमओ ने टीम गठित की है।
शहर के एक निजी अस्पताल में रविवार को बिहार के सेमरी थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी सुनील कुंवर की पत्नी अनिता कुंवर को इलाज के लिए परिजनों ने भर्ती कराया था कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और मौत हो गई थी। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। उधर, शुक्रवार की सुबह सिकंदरपुर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में खेजुरी थाना क्षेत्र के कस्मापुर गांव निवासी खुशबू गुप्ता पत्नी चंदन को प्रसव के लिए परिजनों ने भर्ती कराया था। इलाज के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुदकमा दर्ज किया है। इन दोनों मामले की जांच के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने जांच टीम गठित की है। उन्होंने बताया कि दोनों मामले की जांच कराई जा रही है। टीम में एक सर्जन और एक डिप्टी सीएमओ हैं।