बलिया। बीएसए शिवनारायण सिंह ने फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी कर रहे दो सहायक अध्यापकों को बर्खास्त कर दिया है। दोनों बर्खाख्त शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को दिया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के मानव संपदा पोर्टल पर फीड समान नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि वाले शिक्षकों के बारे में एनआईसी से समन्वय स्थापित कर एसटीएफ मुख्यालय की टीम से अनुश्रवण करने के बाद संदिग्ध शिक्षकों की जांच की गई। बीएसए ने भी अपने स्तर से जांच कराई। जांच में शिक्षा क्षेत्र सीयर के प्राथमिक विद्यालय वाराडीह पर तैनात सहायक अध्यापक ओम प्रकाश यादव पुत्र बांकेलाल यादव तथा शिक्षा क्षेत्र बैरिया के प्राथमिक विद्यालय शहीद पर तैनात सहायक अध्यापक बालकृष्ण यादव पुत्र हरिकेश यादव का शैक्षिक दस्तावेज फर्जी पाए गए। ये दोनों दूसरे के नाम पर सहायक अध्यापक बने थे। इसका राज मानव सम्पदा पोर्टल से खुल गया। इसके बाद बीएसए ने दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया, लेकिन इन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अंतिम नोटिस के बाद इनकी सेवा समाप्त कर मुकदमे का आदेश दिया गया है।