बलिया। रुक-रुक लगातार हो रही बारिश के बीच जिले भर में बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। नगर के आधे हिस्से में सोमवार की रात आपूर्ति ठप रही। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की आपूर्ति बेपटरी हो गई है।
पिछले कई दिनों से रुक-रुक हो रही बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति पूरी तरह चरमराई हुई है। जिला मुख्यालय पर भी आपूर्ति पिछले कई दिनों से चरमराई हुई है। सोमवार की शाम को तो बारिश के बीच आधे शहर की आपूर्ति ठप हो गई जो मंगलवार की सुबह बहाल हो सकी। अधिकारियों की मानें तो एचटी लाइन में गड़बड़ी आने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई। इसके अलावा अधिकांश गांवों में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति लोगों को नहीं मिल रही है। अंधाधुंध कटौती के कारण गांवों में स्थापित पेयजल नलकूपों का संचालन भी प्रभावित हो गया है और लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बिजली की मनमानी कटौती के कारण उमस भरी गर्मी के कारण लोग बेहाल हैं।
बारिश होने के कारण आए दिन लोकल फॉल्ट होते हैं जिससे आपूर्ति बाधित होती है। एचटी लाइन में गड़बड़ी के कारण शहर की आपूर्ति बाधित रही जो अब बहाल हो चुकी है। - चंद्रेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता, विद्युत