चौकियामोड़। एनएच-727 बी के निर्माण कार्य को अचानक रोक दिए जाने पर सलेमपुर से सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि काम रोकना अधिकारियों का पागलपन है। उन्होंने कहा कि पहले तो एनएच-727बी पर काम की इतनी तेजी थी कि दायरे में आने वाले किसानों की लहलहाती फसलों को काटने तक का मौका नहीं दिया गया।
अब तो न तो फसलें है और न ही सड़क के किनारे पेड़ ही बचे। आखिरकार सड़क निर्माण के लिए सड़क से सटे खोदाई कर गड्ढे बनाकर काम क्यों रोक दिया गया। मानसून आने में कुछ ही दिन शेष हैं। बरसात के दौरान इन गड्ढे में पानी भर जाएगा।
यह अधिकारियों का पागलपन है कि निर्माण कार्य में लगी मशीनें और मजदूरों को हटाकर कार्य को बाधित कर दिया गया है। उन्होंने चेताया है कि यदि इस मार्ग पर किसी की जान चली गई तो जिम्मेदार के प्रति कार्रवाई होनी तय है।
बता दें कि शासन से मंजूरी के बाद एनएच-727 बी के निर्माण का काम तेज गति से शुरू हो गया था। इसके तहत देवरिया के नवलपुर से बलिया जिले के बेल्थरारोड तहसील अंतर्गत उभांव तक 23 किमी और उभांव से सिकंदरपुर तक 22 किमी की सड़क का निर्माण होना है।
कुल मिलाकर 45 किमी सड़क का निर्माण कार्य होना है और तेजी से काम की शुरुआत भी हो गई, लेकिन इन दिनों काम ठप हो गया है। आलम यह है कि उभांव से सिकंदरपुर के करमौता के करीब तक जगह-जगह सड़क के किनारे लगभग तीन मीटर चौड़ा और दो से ढाई फीट गहरे गड्ढे खोदे गए है। इन गड्ढों में न बोल्डर डाले गए और न ही राहगीरों के लिए सुरक्षा का कोई इंतजाम किया गया। सड़क संकरी हो गई है आए दिन छोटे मोटे हादसे होते रहते हैं।